BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी (C-Section) के दौरान एक प्रसूता ने ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। खास बात यह है कि गीत गाने वाली महिला छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध भरथरी गायिका हेमलता पटेल हैं।
C-Section के दौरान गाने लगीं भरथरी गीत

जानकारी के मुताबिक, हेमलता पटेल प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थीं। डॉक्टरों ने सिजेरियन डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू की। ऑपरेशन से पहले उन्हें एनेस्थीसिया दिया गया और डॉक्टर अपनी मेडिकल प्रक्रिया में जुट गए। इसी दौरान हेमलता पटेल ने ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। ऑपरेशन के बीच प्रसूता को इस तरह बेफिक्र होकर लोकगीत गाते देख वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

ऑपरेशन थिएटर का माहौल हुआ खुशनुमा
आमतौर पर ऑपरेशन थिएटर का माहौल काफी गंभीर और शांत रहता है, लेकिन हेमलता पटेल की आवाज ने वहां का माहौल ही बदल दिया। उन्होंने अपनी लोकगायकी के अंदाज में भरथरी गीत गाया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद लोग हेमलता पटेल के आत्मविश्वास और उनके सहज अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इस वीडियो को बेहद खास और सकारात्मक पल बता रहे हैं।

जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ
बताया जा रहा है कि सिजेरियन डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। वहीं ऑपरेशन थिएटर में गाए गए इस भरथरी गीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग हेमलता पटेल के इस अंदाज की जमकर सराहना कर रहे हैं। सामान्य तौर पर जहां प्रसव और ऑपरेशन को लेकर तनाव का माहौल रहता है, वहीं हेमलता ने गीत के जरिए माहौल को खुशनुमा बना दिया।






































