RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में शनिवार को सोलर पैनल इंस्टॉलेशन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत पर काम कर रहे दो तकनीशियन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान में सोलर पैनल लगाने के लिए तीन कर्मचारियों की टीम पहुंची थी। इंस्टॉलेशन का कार्य चल रहा था, तभी छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आने से दो कर्मचारी करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।


मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आना सामने आया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा हादसे के लिए किसी प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं।






































