AYODHYA NEWS. राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली महत्वपूर्ण बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। सूत्रों के अनुसार , ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि चंपत राय बैठक में पहुंचे जरूर, लेकिन उन्हें बैठक में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। वे मंदिर परिसर के एक कक्ष में ही मौजूद रहे, जबकि अनिल मिश्रा बैठक में शामिल नहीं हुए।

बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने की। इससे पहले उनके बैठक में शामिल नहीं होने की चर्चाएं थीं, लेकिन उन्होंने स्वयं बैठक की कमान संभाली। बैठक में पदेन सदस्य के. पराशरण, नृपेन्द्र मिश्रा, केंद्र सरकार के प्रतिनिधि प्रशांत लोखंडे तथा उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि संजय प्रसाद ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी की घटना सामने आने के बाद नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दिया था, जिसे ट्रस्ट की बैठक में स्वीकार कर लिया गया।

ट्रस्ट में कुल 14 सदस्य हैं, जिनमें चार पदेन सदस्य शामिल हैं। नियमों के अनुसार किसी भी प्रस्ताव को पारित करने के लिए दो-तिहाई सदस्यों की सहमति आवश्यक होती है तथा पदेन सदस्यों के मतों की गणना नहीं की जाती। दोनों इस्तीफों के बाद अब शेष आठ सदस्यों में से कम से कम छह सदस्यों की सहमति से ही ट्रस्ट का कोई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हो सकेगा।

इससे पहले ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने चढ़ावा चोरी की घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह अत्यंत गंभीर और महापाप है तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बताया जा रहा है कि बैठक में लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी ट्रस्ट की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की जाएगी।






































