KORIYA NEWS. छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने कोरिया जिले के दौरे के दौरान नौगई हत्याकांड की जांच पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब तक कोरिया पुलिस की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। साथ ही बताया कि मामले की सीबीआई जांच के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। यदि सीबीआई इस मामले को अपने हाथ में लेती है तो यह स्वागतयोग्य होगा।

मीडिया से चर्चा करते हुए डीजीपी ने कहा कि उनके दौरे का उद्देश्य जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करना और पुलिस संसाधनों एवं अधोसंरचना की जरूरतों का आकलन करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में पुलिस अधोसंरचना को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

डीजीपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और बेहतर सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर तालमेल से अपराध नियंत्रण में अधिक प्रभावी परिणाम मिलते हैं।

उन्होंने कोरिया पुलिस की सड़क सुरक्षा पहल की भी सराहना की। डीजीपी ने बताया कि जिले के 70 युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ा गया है, जिससे पुलिस और समाज के बीच सहयोग बढ़ा है। उन्होंने कहा कि समुदाय की भागीदारी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत होती है।

इससे पहले डीजीपी अरुण देव गौतम ने कोरिया पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें जिले की कानून व्यवस्था, पुलिस संसाधनों की उपलब्धता और अधोसंरचना विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।






































