NEW DELHI NEWS. NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में मचे देशव्यापी बवाल के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर अपना इस्तीफा पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 36 दिनों से चल रहा छात्रों और राजनीतिक दलों का आंदोलन इस इस्तीफे की मांग पर अड़ा था। इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के साथ ही सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर अब तक की सबसे बड़ी गाज गिराते हुए 47 अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 36 दिनों से लगातार धरना प्रदर्शन चल रहा था। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना था कि वे शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से कम पर समझौता नहीं करेंगे। इस आंदोलन में सोनम वांगचुक भी शामिल रहे, जिन्होंने 26 दिनों तक अनशन किया। वहीं ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ समेत कई संगठनों ने एक महीने से मोर्चा संभाल रखा था। संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष और छात्रों के भारी हंगामे के बाद आखिरकार शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना पड़ा।

शुक्रवार रात को सरकार ने पेपर लीक मामले में सख्त रवैया अपनाते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के 47 अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, इन सभी के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे एक दिन पहले (गुरुवार को) सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शिक्षा मंत्रालय के दो सचिवों का भी तबादला कर दिया था।

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, NTA के भीतर सुधार के लिए आने वाले दिनों में और भी कड़े एक्शन लिए जाएंगे। भविष्य की परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए वर्तमान आउटसोर्सिंग व्यवस्था को पूरी तरह बदला जाएगा। संस्था में नए तकनीकी सुधार लागू किए जा रहे हैं ताकि एक ऐसा एडवांस टेस्टिंग सिस्टम तैयार किया जा सके, जिसमें पेपर लीक की रत्ती भर भी गुंजाइश न बचे।

CBI जांच तेज, जल्द दाखिल होगी चार्जशीट
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है। CBI की टीमों ने महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक 13 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, सबूतों को इकट्ठा कर लिया गया है और CBI जल्द ही इस मामले में अदालत के सामने अपनी चार्जशीट दाखिल कर सकती है।






































