LALITPUR NEWS : ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में हाईवे-44 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार दोपहर हुआ, जब तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार तीनों भाइयों को पीछे से टक्कर मार दी। तीनों युवक खेत पर नारियल का प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे।

मृतकों की पहचान अंश (12), अभिषेक (17) और सनी (12) के रूप में हुई है। हादसे के बाद तीनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश जारी है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे-44 पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के सामने डिवाइडर पर लगी लोहे की जाली भी तोड़ दी। परिजनों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर गांव के सामने अंडरपास बनाने, आरोपी चालक की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग की। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने जेसीबी की मदद से हाईवे की रेलिंग हटवाई, जिससे यातायात बहाल हो सका।

हाईवे पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे तीनों चचेरे भाई बाइक से खेत जा रहे थे। उनका खेत गांव से गुजरने वाले हाईवे-44 के दूसरी ओर था। डिवाइडर पर लगी जाली के कारण वे कुछ दूरी पर बनी क्रॉसिंग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लघु सिंचाई विभाग कार्यालय के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिवारों में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों बच्चे किसान और मजदूर परिवारों से ताल्लुक रखते थे। अंश और अभिषेक के पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि सनी के पिता पुणे में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गांव के सामने अंडरपास बना होता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।






































