LALITPUR NEWS: ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने एक व्यक्ति पर रुपये नहीं लौटाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला बार थाना क्षेत्र के सेमरा भागनगर गांव का है। रविवार रात करीब 9 बजे 26 वर्षीय विशाल लोधी का शव उसके घर के बाहर पेड़ से लटका मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में दावा किया गया है कि उसने करीब एक माह पहले अपने एक परिचित को 5 लाख रुपये दिए थे। बदले में एक महीने बाद 7.50 लाख रुपये लौटाने का वादा किया गया था। युवक का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई, बल्कि उससे एक लाख रुपये और मांगे गए। वीडियो में उसने यह भी आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
बार थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि युवक के सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर नीलेंद्र राजा नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







































