BAIKUNTHPUR NEWS. आईसी मार्ट के संचालक की कथित प्रताड़ना के बाद आत्महत्या करने वाली 17 वर्षीय पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। घटना के एक सप्ताह बाद भी मामले के दो आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। शुक्रवार शाम शहर के कुमार चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर पूजा को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। मृतका के पिता पुलिस विभाग में आरक्षक हैं, लेकिन उन्हें अपनी बेटी की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए चक्काजाम करना पड़ा। जनदबाव के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद बैद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।


श्रद्धांजलि सभा में सर्व आदिवासी समाज, कंवर समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस परिवारों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी से न्याय पूरा नहीं होगा। जब तक प्रताड़ना के आरोपों से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने प्रशासन से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई में और देरी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






































