WASHINGTON NEWS. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि लंबे समय तक भारत ने अमेरिका पर ऊंचे टैरिफ लगाकर फायदा उठाया, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और अमेरिका भी भारत के साथ व्यापार से अच्छा लाभ हासिल कर रहा है। साथ ही उन्होंने भारत के साथ जल्द एक बड़े व्यापार समझौते की संभावना जताई है।

ट्रम्प ने भारतीय प्रधानमंत्री के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा, मैं मोदी को बहुत पसंद करता हूं। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हमारे संबंध शानदार हैं और हम एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं।


व्यापार समझौते पर बढ़ी उम्मीदें
ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली का दौरा कर भारतीय अधिकारियों के साथ कई दौर की महत्वपूर्ण वार्ताएं की हैं। दोनों देश फिलहाल एक अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, ताकि लंबित व्यापारिक मुद्दों का समाधान निकाला जा सके।

भारत ने बताया सकारात्मक रही वार्ता
भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही है। मंत्रालय का कहना है कि भारत और अमेरिका ऐसा व्यापार समझौता चाहते हैं जिससे दोनों देशों को समान रूप से लाभ मिले। दोनों पक्ष इस दिशा में गंभीरता से आगे बढ़ रहे हैं।





































