RAIPUR NEWS. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 23वीं किस्त शनिवार को जारी कर दी गई। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पश्चिम बंगाल से आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai वर्चुअली शामिल हुए।

योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 52 हजार 477 किसानों के बैंक खातों में 490.54 करोड़ रुपए की राशि सीधे अंतरित की गई। वर्ष 2019 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत राज्य के किसानों को अब तक 10,783.90 करोड़ रुपए से अधिक की आर्थिक सहायता मिल चुकी है।

2.80 लाख से अधिक नए किसान बने लाभार्थी
राज्य सरकार ने पीएम-किसान योजना का दायरा बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को इससे जोड़ने पर जोर दिया है। इसी क्रम में 2 लाख 34 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 32 हजार 500 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के किसानों को भी योजना में शामिल किया गया है। वर्ष 2023-24 की तुलना में वर्ष 2025-26 में 2 लाख 80 हजार से अधिक नए किसानों को योजना का लाभ मिला है।

फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही सरकार
किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित कर रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत धान के बजाय दलहन और तिलहन जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की सहायता दी जा रही है। वहीं अन्य खरीफ फसलों की खेती करने पर 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि क्षेत्र में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलेगा।






































