RAIPUR NEWS. अल्दा-देवरी क्षेत्र में किसानों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे, फर्जी एनओसी जारी किए जाने और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोपों को लेकर सोमवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिल्दा-नेवरा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अल्दा, देवरी और घुलघुल क्षेत्र में किसानों की जमीनों पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कब्जा किया जा रहा है, जबकि सरकारी भूमि पर भी अतिक्रमण हो रहा है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं तथा दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है।


तिल्दा थाने के बाहर आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और उनकी आवाज को हर मंच पर उठाएगी।

इस अवसर पर बघेल ने देवरी-घुलघुल-अल्दा क्षेत्र में प्रस्तावित स्पंज आयरन प्लांट का भी विरोध किया। उन्होंने दोहराया कि स्थानीय ग्रामीणों की सहमति के बिना किसी भी औद्योगिक परियोजना को क्षेत्र में स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एक जून को तिल्दा-नेवरा में आयोजित किसान महापंचायत में भी उन्होंने इसी मुद्दे पर ग्रामीणों के समर्थन में आवाज उठाई थी।






































