HATHRAS NEWS उत्तरप्रदेश: हाथरस के कोतवाली गेट इलाके में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एचआईवी पीड़ित मकान मालिक ने अपनी 85 वर्षीय वृद्धा किरायेदार के साथ दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता की हालत बेहद नाजुक है और उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, वृद्धा महिला करीब 40 वर्षों से कोतवाली गेट क्षेत्र में एक कमरे में किराये पर रह रही थी। उसने कई वर्ष पहले अपने देवर के बेटे को गोद लिया था, लेकिन वर्षों से कोई उसकी खबर नहीं लेता। मोहल्ले के लोग ही उसकी देखभाल करते थे और खाना-पीना देते थे। आरोपी मकान मालिक अपनी पत्नी और बेटे के साथ ठीक बगल वाले कमरे में रहता था।

रविवार रात आरोपी ने वृद्धा को उसके कमरे में दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अधिक रक्तस्राव और दर्द के कारण बुजुर्ग महिला पूरी रात तड़पती रही। सुबह आरोपी की पत्नी ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वृद्धा को जिला अस्पताल ले गई। वहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पुलिस ने पीड़िता के बयान और पड़ोसी महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नशे का आदी है और वर्ष 2023 में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

इस घटना ने पूरे हाथरस शहर में आक्रोश फैला दिया है। लोगों का कहना है कि 85 साल की उम्र में जब एक महिला दूसरों के सहारे पर जी रही हो, तब उसके साथ ऐसा जघन्य अपराध करना बेहद निंदनीय है। समाज में मासूम बच्चियों से लेकर वृद्धाओं तक महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है। लोग ऐसे दरिंदों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हाथरस के सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि पड़ोसी महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


































