BILASPUR NEWS. शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच एक बार फिर किसी के लिए भारी पड़ गया। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मंगला अमलतास कॉलोनी के एक युवक से साइबर अपराधियों ने 14 लाख 67 हजार रुपये की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने इसके लिए सोशल मीडिया विज्ञापन और एक फर्जी मोबाइल ट्रेडिंग एप्लीकेशन का सहारा लिया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगला अमलतास कॉलोनी के रहने वाले 35 वर्षीय विशाल गुप्ता ने बीती 19 मई को फेसबुक पर शेयर मार्केट से जुड़ा एक आकर्षक विज्ञापन देखा था।

विशाल ने जब वहां दिए गए नंबर पर संपर्क किया, तो उसकी बात अनन्या मेहरा नाम की एक महिला से हुई। महिला ने खुद को एक्सपर्ट बताते हुए विशाल को शेयर खरीदने और बेचने की बारीकियां समझाईं और उसे दो अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुपों में जोड़ दिया। इसके बाद, ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर विशाल के फोन में “XCL DMAA” नाम का एक फर्जी मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाकर उस पर रजिस्ट्रेशन करवा दिया गया।

साइबर ठगों की यह कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। विशाल ने सबसे पहले 10 हजार रुपए और फिर 5 हजार रुपये का निवेश किया, जिस पर उसे शुरुआती मुनाफा दिखाया गया। ऐप पर दिख रहे फर्जी मुनाफे के लालच में आकर विशाल ने 25 मई से 15 जून के बीच ठगों के बताए अनुसार विभिन्न बैंकों (सेंट्रल बैंक, कोटक महिंद्रा, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक) के खातों में कुल 14.67 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस निवेश के बाद विशाल के मोबाइल ऐप पर उसका मुनाफा 25 लाख रुपये से भी अधिक दिखाई दे रहा था, जो कि पूरी तरह फर्जी था।

जब पैसे निकालने की आई बारी, तब खुला राज
ठगी का अहसास विशाल को तब हुआ जब उसने ऐप में दिख रहे अपने मुनाफे की रकम को बैंक खाते में निकालने (Withdraw) की कोशिश की। ठगों ने रकम ट्रांसफर करने के बदले 24 लाख 85 हजार रुपये ‘टैक्स या अन्य चार्ज’ के नाम पर और जमा करने की शर्त रख दी। इतनी बड़ी रकम दोबारा मांगे जाने पर विशाल का माथा ठनका और उसे समझ आ गया कि वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुका है। उसने बिना देर किए तुरंत नेशनल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया।

साइबर पुलिस की चेतावनी
किसी भी अनजान सोशल मीडिया विज्ञापन, व्हाट्सएप ग्रुप या अनधिकृत ऐप (App) के जरिए शेयर बाजार में निवेश न करें। केवल SEBI (सेबी) द्वारा रजिस्टर्ड ब्रोकर्स और प्लेटफॉर्म्स का ही इस्तेमाल करें। यदि आपके साथ कोई धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।






































