AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक स्पीच थेरेपिस्ट के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और मारपीट का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि बेटे के उपचार के दौरान हुई पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में ब्लैकमेल कर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में महिला अपने बेटे की स्पीच संबंधी समस्या के उपचार के लिए मिशन चौक स्थित क्लीनिक में जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान स्पीच थेरेपिस्ट डॉ. प्रांजुल बलियान से हुई।

पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि अगस्त 2023 में आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे बदनामी का भय दिखाकर ब्लैकमेल किया और लगातार दबाव बनाकर शारीरिक संबंध स्थापित करता रहा।

विवाद के बाद थाने पहुंचा मामला
महिला के अनुसार, 1 जून को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और धमकियां दीं। इसके बाद उसने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी।
4 जून को पीड़िता ने कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर 5 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि महिला ने आरोपी पर कई वर्षों तक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और मारपीट के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




































