JANJGIR NEWS. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की जान चली गई। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाली भारतमाला रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और बिना रुके मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तीनों शवों का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ में मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए प्रमुख सड़क हादसे
- रायपुर (नवंबर 2025): रायपुर के वीआईपी रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हुए थे। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया था।
- दुर्ग (जनवरी 2025): दुर्ग जिले में सुबह टहलने निकले दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया था। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था।

- बिलासपुर (2024): बिलासपुर में मॉर्निंग वॉक कर रहे दंपती को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हुए थे।
- रायगढ़ (2023): रायगढ़ जिले में सड़क किनारे टहल रहे तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई और दो अन्य घायल हो गए थे।






































