THE HAGUE NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड्स दौरे के दौरान द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता जताई। वैश्विक मंच से उन्होंने कोरोना महामारी, युद्ध और ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा दशक पूरी दुनिया के लिए “आपदाओं का दशक” बनता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात जल्द नहीं बदले तो बीते दशकों में विकास के लिए किए गए प्रयास बेकार हो जाएंगे और दुनिया की बड़ी आबादी फिर से गरीबी के दलदल में फंस सकती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मानवता लगातार संकटों से घिरी हुई है। कोरोना महामारी से उबरने की कोशिशें चल ही रही थीं कि दुनिया युद्ध और ऊर्जा संकट की चपेट में आ गई। इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और आम लोगों के जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।

यूरोप का गेटवे बनेगा नीदरलैंड्स
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नीदरलैंड्स के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में नीदरलैंड्स यूरोप में भारतीय व्यापार और निवेश का प्रमुख गेटवे बनेगा। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को दोनों देशों के बीच मजबूत और भरोसेमंद पुल बताया।

भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम
प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि देश आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन चुका है। भारत में दो लाख से अधिक स्टार्टअप्स सक्रिय हैं, जो युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दे रहे हैं।
डिजिटल पेमेंट में दुनिया का नेतृत्व कर रहा भारत
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत की डिजिटल क्रांति को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत आज डिजिटल ट्रांजैक्शन के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। देश में एक वर्ष में 20 बिलियन से अधिक UPI ट्रांजैक्शन हुए हैं और दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का लगभग आधा हिस्सा भारत में हो रहा है।

‘मेड इन इंडिया’ चिप जल्द दुनिया के बाजार में
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर में आत्मनिर्भर बन रहा है। देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट्स पर काम चल रहा है और दो प्लांट्स में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ‘मेड इन इंडिया’ चिप वैश्विक बाजार में दिखाई देगी।
16 मई को बताया ऐतिहासिक दिन
पीएम मोदी ने 16 मई की तारीख को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में अहम बताते हुए कहा कि 12 साल पहले इसी दिन देश में 30 वर्षों बाद पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी। उन्होंने इसे भारत के विकास की नई शुरुआत करार दिया।

प्रवासी भारतीयों की सराहना
प्रधानमंत्री ने नीदरलैंड्स में बसे भारतीय समुदाय की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से डच समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। डच नेतृत्व भी भारतीय समुदाय की उपलब्धियों की लगातार सराहना करता है।



































