RAIPUR NEWS. रायपुर के आजाद चौक थाना इलाके में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। 25 मई की रात करीब पौने 11 बजे दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। इस दौरान कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि सूचना के बाद पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक सब भाग गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एक पान ठेले से हुई थी। अलग-अलग मोहल्लों के कुछ युवक वहां सिगरेट पीने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने सड़क पर ही एक-दूसरे की गाड़ियों को निशाना बनाया और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने तक दोनों गुट वहां से फरार हो चुके थे।

आजाद चौक थाना पुलिस के अनुसार, दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की सूचना मिलने पर तत्काल टीम भेजी गई थी। हालांकि मौके पर पहुंचने पर वहां कोई नहीं मिला। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। इलाके में देर रात हुए इस घटनाक्रम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




































