KAWARDHA NEWS. कबीरधाम जिले के पंडरिया और लोहारा विकासखंड में एक बार फिर बड़े धान घोटाले का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपए के धान गबन और फर्जी खरीदी-विक्रय का खुलासा हुआ है। मामले को शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन मानते हुए खाद्य अधिकारी ने समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पंडरिया विकासखंड की कामठी समिति में खाद्य विभाग की जांच के दौरान 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी और बिक्री पकड़ी गई। वहीं लोहारा विकासखंड के धरमगढ़ में करीब 1200 क्विंटल धान की हेराफेरी सामने आई है।


जांच में यह भी सामने आया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपए की राशि का गबन किया गया। आरोप है कि प्रभारी प्रबंधक दयाराम पुसऊ, ऑपरेटर और अन्य संलिप्त लोगों ने मिलकर इस राशि का बंदरबांट किया। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि उक्त राशि संबंधित समिति प्रबंधक, ऑपरेटर और अन्य दोषियों से वसूली जाएगी।

खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने मामले को गंभीर आर्थिक अनियमितता बताते हुए कहा कि शासन को षड्यंत्रपूर्वक नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।





































