RAIGARH NEWS. रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में युवती की निर्मम हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि शादी को लेकर हुए विवाद के बाद उसने अपनी प्रेमिका आराधना की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 9 मई 2026 की रात लोकनाथ ने आराधना से फोन पर बात की थी और अगले दिन मिलने का तय किया। 10 मई की सुबह वह आराधना और उसकी बुआ की लड़की से पंजरी संयंत्र के पास मिला। इसके बाद वह आराधना को मोटरसाइकिल पर बैठाकर सक्ति ले गया। वहां दोनों ने एक लॉज में कमरा किराए पर लिया। आरोपी ने लॉज के रजिस्टर में खुद को पति और युवती को पत्नी बताकर फर्जी नाम दर्ज कराया।

बताया जा रहा है कि उसी रात दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया। अगले दिन 11 मई को आरोपी आराधना को खरसिंया और आमापाली होते हुए तुमीडिही जंगल ले गया। जंगल में दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद लोकनाथ ने पीछे से आराधना का गला दबा दिया। युवती के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी ने पत्थर से उसके सिर और कनपटी पर कई बार वार किया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने चाकू से युवती के चेहरे, जबड़े और गले पर भी हमला किया। वार के दौरान चाकू गर्दन में ही फंस गया। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए युवती के कपड़े और सैंडल अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए। इसके बाद शव पर बड़ा पत्थर रखकर उसे छिपाने का प्रयास किया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



































