गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज पांच दिन बाद नवविवाहिता के चार माह की गर्भवती होने की जानकारी मिलने से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। मामला श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कधवन गांव स्थित भुइंया टोला का है। विवाद बढ़ने के बाद मामला थाने तक पहुंच गया, जहां पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कधवन गांव निवासी छोटे लाल भुइंया के बेटे कुंदन भुइंया की शादी 5 मई 2026 को जमुई गांव निवासी स्वर्गीय मुनी भुइंया की बेटी सुमित्रा कुमारी से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद सुमित्रा अपने ससुराल पहुंची और शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा। लेकिन 12 मई को ससुराल पक्ष को पता चला कि नवविवाहिता चार महीने की गर्भवती है। यह जानकारी सामने आते ही परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि सुमित्रा की ओर से आवेदन मिला है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की मौजूदगी में कधवन पंचायत के मुखिया फिरदौस अंसारी और विलासपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव की उपस्थिति में सुमित्रा को उसके मायके पक्ष को सौंप दिया गया।
सुमित्रा कुमारी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि जमुई गांव निवासी विकास चंद्रवंशी के साथ पिछले एक वर्ष से उसका प्रेम संबंध था। उसने दावा किया कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा विकास का है। साथ ही उसने पुलिस से कथित प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ससुराल पक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विवाह से पहले उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने ऐसी स्थिति में सुमित्रा को अपने घर में रखने से इनकार कर दिया।
पति कुंदन भुइंया ने भी चौंकाने वाला दावा किया। उसके अनुसार, सुहागरात के दौरान सुमित्रा ने किसी ओझा-गुणी की सलाह का हवाला देते हुए उससे पांच साल तक दूरी बनाए रखने की बात कही थी। उस समय उसे शक तो हुआ, लेकिन उसने कुछ नहीं कहा। बाद में कथित प्रेमी का फोन आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।



































