MAHADAMUND NEWS. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान गुजरात पासिंग की एक कार से करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर नियमित चेकिंग के दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त चैंबर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण मिले।

कार में सवार तीनों व्यक्तियों से सोने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सोने के आभूषण जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को सोने की तस्करी की आशंका है।

सिंघोड़ा पुलिस ने मामले की शुरुआती कार्रवाई के बाद जांच आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को सौंप दी है। अब एजेंसियां सोने के स्रोत, परिवहन और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं।



































