Banda Road Accident बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मौरंग से भरे ओवरलोडेड ट्रक ने पहले एक रिटायर्ड शिक्षक को कुचल दिया और फिर भागने के दौरान एक ई-रिक्शे को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के घूरी गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक रामेश्वर (61) बुधवार दोपहर बीआरसी से साइकल पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खुरहंड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार और ओवरलोडेड ट्रक ने उनकी साइकल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक शिक्षक को कुचलते हुए मौके से फरार होने लगा।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बाइक से ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में चालक ने नाथू तालाब के पास सामने से आ रहे एक ई-रिक्शे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे में कोर्रही गांव निवासी ममता (48), राजेश (45), शहबाज (12), नवीन (40) और रामेश्वर अनुरागी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शबाना (45), सोहनलाल (55), साफिया (3 माह), शिवकली (25) और बौरी (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ई-रिक्शे से टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराया।
मौरंग लदे तेज रफ्तार #ट्रक ने ई-रिक्शा को कुचला, 6 की #मौत#बिसंडा_थाना क्षेत्र के ओरन मोड़ के पास हादसा#Banda#UPNews#RoadAccident#AccidentNews#6Death#ERickshawAccident#TruckAccident#BandaNews#NewsFlash@bandapolice@Uppolice pic.twitter.com/QgYan2SiP1
— Goldy Srivastav (@GoldySrivastav) May 27, 2026


































