MUMBAI NEWS. मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार (25 अप्रैल) की रात परिवार ने करीब 10:30 बजे रिश्तेदारों के साथ चिकन बिरयानी खाई थी। इसके बाद रिश्तेदारों के जाने पर रात करीब 1 बजे परिवार के चारों सदस्यों ने तरबूज का सेवन किया। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और दस्त की गंभीर शिकायत हुई।

हालत बिगड़ने पर तुरंत उन्हें जेजे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। मृतकों में मोबाइल एक्सेसरीज दुकान संचालक अब्दुल्ला डोकाडिया (40), पत्नी नसरीन डोकाडिया (35), बच्चे जैनब (13) और आयशा (16) शामिल हैं। जांच में एक अहम तथ्य सामने आया है कि जिन 5 रिश्तेदारों ने केवल बिरयानी खाई थी, वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।

इससे पुलिस का शक तरबूज या उसके बिरयानी के साथ सेवन पर गया है। मामले में जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का केस दर्ज किया है। तरबूज के नमूने और मृतकों का विसरा जांच के लिए कालीना स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों के अनुसार, भारी भोजन के तुरंत बाद अधिक पानी वाले फल जैसे तरबूज खाने से पाचन तंत्र पर असर पड़ सकता है। हालांकि, इस मामले में असली कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
ये सावधानी जरूरी
हमेशा ताजे और साफ फलों का सेवन करें
कटे हुए फल लंबे समय तक खुले में न रखें
भोजन और फल के बीच थोड़ा अंतर रखें
संदिग्ध गंध या स्वाद वाले खाद्य पदार्थों से बचें




































