RAIPUR NEWS. राजधानी के राजेंद्र नगर इलाके में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक महिला को इंटरनेट पर बैंक मैनेजर का नंबर सर्च करना भारी पड़ गया। ठग ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर न सिर्फ भरोसा जीता, बल्कि क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर 1.84 लाख रुपए उड़ा लिए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अशोका मिलेनियम प्लाजा, राजेंद्र नगर निवासी ज्योति सिंह को एक ट्रांजेक्शन से जुड़ी जानकारी चाहिए थी।

इसके लिए उन्होंने गूगल पर UCO Bank के मैनेजर का नंबर खोजा। सर्च में मिले नंबर पर कॉल करने पर दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को अजय कुमार, बैंक मैनेजर बताया। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को भरोसे में लिया और समस्या समाधान के नाम पर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली। जैसे ही जानकारी मिली, ठग ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 1.84 लाख रुपए निकाल लिए।

मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद महिला को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत अपना कार्ड और बैंक खाता ब्लॉक कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बता दें कि ऑनलाइन सुविधाएं जितनी आसान हैं, उतनी ही सतर्कता भी जरूरी है—जरा सी लापरवाही बड़ा नुकसान करा सकती है।

दूसरी ओर, राजधानी में ठगों ने डिजिटल पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर एक रिटायर मौसम वैज्ञानिक से 1.25 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने खाते की जानकारी लेकर अलग-अलग किश्तों में रकम निकाल ली। ट्रांजेक्शन का मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, तात्यापारा निवासी चंद्रकांत मोहदीवाले (68) रिटायर मौसम वैज्ञानिक हैं। उनके पास 9 अप्रैल को एक कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को पेंशन विभाग का अधिकारी बताया और डिजिटल पेंशन कार्ड बनाने का झांसा दिया। उसने कहा कि इससे पेंशन निकालने में आसानी होगी। इसके बाद उसने खाते की जानकारी मांगी। भरोसे में आकर पीड़ित ने अपने दो बैंक खातों की जानकारी दे दी। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग किश्तों में 1.25 लाख रुपए निकाल लिए। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत बैंक खाते को ब्लॉक कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सावधान रहें: ऐसे बचें ऑनलाइन ठगी से
गूगल पर मिले किसी भी नंबर पर आंख बंद कर भरोसा न करें
बैंक कभी भी फोन पर कार्ड डिटेल, OTP या CVV नहीं मांगता
केवल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या ब्रांच से ही संपर्क करें
संदिग्ध कॉल या लिंक मिलने पर तुरंत ब्लॉक करें
ठगी होने पर तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें



































