NEW DELHI NEWS. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर मंगलवार को असम पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए पहुंची। इस दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। यह कार्रवाई उस एफआईआर के बाद हुई है, जो असम के मुख्यमंत्री की पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई थी। दरअसल, 5 अप्रैल को पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा को लेकर कई आरोप लगाए थे।

खेड़ा ने सवाल उठाते हुए कहा था कि एक व्यक्ति के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट कैसे हो सकते हैं? क्या यह भारतीय कानून का उल्लंघन नहीं है? क्या मुख्यमंत्री या उनके परिवार के पास एक से अधिक पासपोर्ट हैं? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और केंद्र सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वे और उनकी पत्नी कानूनी कार्रवाई करेंगे।

48 घंटे के भीतर आपराधिक और मानहानि का केस दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद 6 अप्रैल को उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा ने पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी तनाव बढ़ गया है।

एक ओर कांग्रेस नेता सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा इसे बेबुनियाद आरोप बताकर कानूनी जवाब देने की बात कह रही है। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि पुलिस जांच में क्या सामने आता है और यह मामला आगे किस दिशा में बढ़ता है।




































