रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव में प्रेम संबंधों में धोखे के बाद एक युवक ने आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय कोमल वर्मा नामक युवक ने 24 अप्रैल की रात अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की जानकारी 25 अप्रैल की सुबह परिवार को लगी।

कोमल वर्मा एयरपोर्ट में काम करता था। वह मूल रूप से बलौदा बाजार जिले के सुहेला थाना क्षेत्र के खपराडीह गांव का निवासी था और भाठागांव में परिवार के साथ रह रहा था। घटना की रात उसके पिता और छोटा भाई छत पर सो रहे थे, जबकि मां शादी में गई हुई थी।

घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कोमल ने अपनी गर्लफ्रेंड पर धोखेबाजी का आरोप लगाया है। नोट में उसने लिखा:
“मैं कोमल वर्मा जो भी कर रहा हूं, मेरे घरवालों की तरफ से कोई प्रेशर नहीं है। उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है। ये कदम मैं (गर्लफ्रेंड का नाम) कारण उठा रहा हूं। मेरा उसके साथ 5 साल (3 दिसंबर 2019 से) का रिलेशन रहा। मेरे रहते भी वह मेरे पीठ पीछे 3-4 लड़कों से बात करती रही और पकड़े जाने पर बहाना बनाकर मना लेती थी। मैंने उसे कई मौके दिए, लेकिन वह नहीं सुधरी। हम लड़के हैं, इस केस में हमेशा लड़के को ही गलत क्यों ठहराया जाता है? यह कदम मैं उसे सबक सिखाने के लिए उठा रहा हूं।”

लड़की के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही सुसाइड नोट और मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच प्रेम प्रसंग के एंगल से कर रही है।




































