KONDAGAON NEWS. कोंडागांव के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो पेशे से टेंट व्यवसायी थे। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को मिट्टी के मलबे में दबा दिया गया था। आज यानी 13 अप्रैल को कोतवाली थाना क्षेत्र में खेत में पड़े मिट्टी के ढेर के नीचे शव मिलने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार, सुरेश चौहान शनिवार को घर से गाड़ी लेकर निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।

कारोबारी की गुमशुदगी की शिकायत पहले ही पुलिस में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की गाड़ी घर के पास मिली, जबकि कुछ दूरी पर उनका पर्स भी बरामद हुआ, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और घर के आसपास से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

मामले में पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि, कारोबारी सुरेश चौहान के पास सोने की चेन, अंगूठी और जेब में कुछ कैश पैसे भी थे। संभावना है कि, पैसे और सोने की लूट के लिए हत्या की गई होगी। वहीं, जुआ-सट्टा और अफेयर के एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। उन्हें दंतेवाड़ा में टेंट का एक बड़ा ऑर्डर मिला था, वहां जाने की तैयारी में थे।



































