BILASPUR NEWS. बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट (चकरभाठा) के विकास को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। एयरपोर्ट के धीमे काम और नाइट लैंडिंग की सुविधा होने के बावजूद रात में उड़ानें शुरू न होने पर कोर्ट ने गहरी नाराजगी जताई है। हाईकोर्ट की इस सख्ती का असर भी देखने को मिला है, जहां सेना ने लंबे समय से लंबित 290.8 एकड़ जमीन औपचारिक रूप से जिला प्रशासन को ट्रांसफर कर दी है।

चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच में जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने राज्य सरकार और संबंधित अथॉरिटी से पूछा कि जब नाइट लैंडिंग का लाइसेंस 6 फरवरी को ही मिल चुका है, तो अब तक रात में विमानों का संचालन क्यों शुरू नहीं हुआ? कोर्ट ने एलायंस एयर द्वारा तकनीकी कारणों का हवाला देकर उड़ानें टालने पर भी नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि केवल एक एयरलाइन पर निर्भर न रहकर अन्य निजी कंपनियों को भी आमंत्रित किया जाए।

सेना की जमीन मिलने से 4-C श्रेणी में अपग्रेड होगा एयरपोर्ट
एयरपोर्ट विस्तार के लिए सेना के कब्जे वाली जमीन का हस्तांतरण सबसे बड़ी बाधा थी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि सेना की 290.8 एकड़ जमीन मिलने के बाद अब एयरपोर्ट के पास कुल 646.8 एकड़ जमीन हो गई है।
-रनवे विस्तार: वर्तमान में रनवे 1498 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 2800 मीटर किया जाएगा। इससे महानगरों से आने वाले बड़े विमान (ए-321 श्रेणी) यहां आसानी से लैंड कर सकेंगे।
-कनेक्टिविटी: रनवे विस्तार के बाद बिलासपुर की दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी की राह आसान हो जाएगी।

198 करोड़ का मास्टर प्लान: बदलेगी एयरपोर्ट की सूरत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट विकास के लिए 198 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है।
दस्तावेजों पर हुए हस्ताक्षर
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित प्रक्रिया के दौरान कर्नल ए. मजूमदार, कर्नल दिनेश पट्टाभि, और जबलपुर के रक्षा संपदा अधिकारी मोहम्मद शाद आलम ने कलेक्टर संजय अग्रवाल के साथ स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर एन. वीरेन सिंह और एडीएम ज्योति पटेल भी मौजूद रहीं।

अगली सुनवाई 17 अप्रैल को
हाईकोर्ट ने मामले में नया शपथ पत्र पेश करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई में जमीन ट्रांसफर के बाद शुरू होने वाले नए कार्यों और नई उड़ानों को लेकर बड़ी अपडेट आने की उम्मीद है।





































