RAIPUR NEWS. अगर आपके मोबाइल पर e-Challan भरने का मैसेज या लिंक आ रहा है, तो सतर्क हो जाइए। साइबर ठग इन दिनों फर्जी e-Challan मैसेज, वेबसाइट और ऐप के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। एक गलत लिंक पर क्लिक करते ही आपके बैंक खाते से पैसे गायब हो सकते हैं। साइबर अपराधी SMS या व्हाट्सएप के जरिए चालान भरने का लिंक भेजते हैं। ये लिंक दिखने में असली जैसे लगते हैं, लेकिन असल में फर्जी होते हैं।

दरअसल, जैसे ही यूजर लिंक पर क्लिक कर जानकारी भरता है, ठग उसकी बैंक डिटेल्स और OTP हासिल कर लेते हैं। प्रदेश में हो रही ठगी के बीच पुलिस ने गलत लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है। साथ ही बताया कि सिर्फ e-Challan चेक और भुगतान के लिए हमेशा, Parivahan eChallan portal, NextGen mParivahan App का ही इस्तेमाल करें। इन प्लेटफॉर्म पर भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लगता।

इन बातों का रखें खास ध्यान
- अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें
- सिर्फ अधिकृत सेंडर ID (जैसे VAAHAN-G) से आए मैसेज पर ही भरोसा करें
- वेबसाइट की स्पेलिंग ध्यान से जांचें
- किसी को भी OTP साझा न करें
- कॉल या मैसेज के दबाव में तुरंत पेमेंट न करें

फ्रॉड हो जाए तो क्या करें
- तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें
- या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें
- अपने बैंक को तुरंत सूचित करें ताकि ट्रांजैक्शन रोका जा सके

पुलिस की जनता से अपील
रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में NextGen mParivahan App इंस्टॉल करें। इस ऐप के जरिए न सिर्फ सुरक्षित तरीके से e-Challan का भुगतान किया जा सकता है, बल्कि वाहन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज भी डिजिटल रूप में रखे जा सकते हैं।


































