SARANGARH NEWS. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि विभाग कार्यालय में एक विवादास्पद घटना सामने आई है, जहां अधिकारी प्रवीण पटेल पर दस्तावेज की फोटो खींचने को लेकर पत्रकार की पिटाई करने का आरोप लगा है। बचाव करने आए वकील के साथ भी मारपीट की गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी मांगने पर हुआ विवाद
आरोप है कि कार्यालय पहुंचे पत्रकार ने किसान सम्मान निधि की राशि से संबंधित समस्या की जानकारी मांगी थी। जब उन्हें जानकारी नहीं दी गई, तो उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। इसी बात से अधिकारी प्रवीण पटेल नाराज हो गए और विवाद बढ़ गया, जो मारपीट में बदल गया। पीड़ितों ने दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

16 अप्रैल को हुई घटना
बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी माता की किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (REO) प्रवीण पटेल के पास भेजा।

कॉलर पकड़कर की मारपीट
पत्रकार द्वारा जानकारी मांगने और शिकायत करने की बात कहने पर REO प्रवीण पटेल भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकड़कर मुक्कों से कई बार मारपीट की। बीच-बचाव करने आए वकील के साथ भी हाथापाई की गई। घटना के दौरान जिला कृषि अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पीड़ित पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।





































