BILASPUR NEWS. न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ मामूली विवाद ने उस समय खूनी मोड़ ले लिया जब लगभग 20 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने एक ही परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक और चार महिलाएँ गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना की नींव दो दिन पहले पड़ी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी पक्ष का एक युवक पीड़ित परिवार के घर के सामने पेशाब कर रहा था। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस हमले को अंजाम दिया।

देर रात लाठी-डंडों के साथ घुसे बदमाश
घायल सनत सारथी ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे खाना खाकर मोहल्ले में टहल रहा था, तभी विक्की अहिरवार अपने 20 से अधिक साथियों के साथ वहाँ पहुँचा। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। देखते ही देखते नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आई सनत की पत्नी रेखा सारथी और परिवार की अन्य महिलाओं—बेदू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा। हमले में महिलाओं को भी गंभीर चोटें आई हैं।
CCTV में कैद हुई वारदात
हमले की यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश किस तरह नकाब पहनकर हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए आए और ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमले के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई
सरकंडा पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी तेज कर दी है। जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।






































