RAIPUR NEWS. रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में 28 मार्च की रात मोमिन पारा और बढ़ई पारा के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसकी सूचना के बाद भारी पुलिस जवान घटनास्थल पहुंचे और कई लोगों को हिरासत में भी लिया।

पुलिस के अनुसार, बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक मोमिन पारा के युवकों से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए और हालात बेकाबू हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बढ़ई पारा के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें तीन युवकों का सिर फूट गया। इसके जवाब में दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आजाद चौक थाने पहुंचे और देर रात तक वहां डटे रहे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है। हालांकि कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों के भीतर दोनों पक्षों के बीच यह दूसरा बड़ा विवाद है। इससे पहले मौदहापारा में चाकूबाजी के बाद बलवा की स्थिति बन गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।




































