RANCHI NEWS. रांची से दिल्ली जा रही रेडबर्ड एयरवेज प्रा. लि. की एयर एंबुलेंस सोमवार शाम चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के कसियातु जंगल में क्रैश हो गई। इसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। एयर एबुलेंस ने शाम 7:11 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। 7:34 बजे कोलकाता एटीसी से संपर्क टूट गया। रात 8:05 बजे रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय किया गया।

विमान में सवार 7 लोगों में दो पायलट (कैप्टन विवेक, कैप्टन सबराजदीप), मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, भांजा ध्रुव कुमार, डॉ. विकास और एक पैरामेडिक सचिन शामिल थे। चतरा पुलिस ने जंगल में छानबीन की। एयर एंबुलेंस के कलपुर्जे मिले हैं। चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि देर रात तक सभी शव बरामद कर लिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एयर एंबुलेंस में आग नहीं लगी थी। बता दें कि संजय 6 दिन पहले 65% तक झुलस गए थे।

रांची के देवकमल हॉस्पिटल के CEO, अनंत सिन्हा के मुताबक एयर एम्बुलेंस का इंतजाम एक मरीज ने किया था। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले मरीज संजय कुमार (41) को 16 फरवरी को 65 परसेंट जलने की हालत में हॉस्पिटल लाया गया था। हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था।

सिन्हा ने आगे कहा कि परिवार वालों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने का फैसला किया। मरीज को लगभग 4.30 बजे हॉस्पिटल से दिल्ली के लिए ले जाया गया। शाम को विमान हादसे में मरीज के साथ जा रहे सभी लोगों की मौत हो गई।

DGCA ने कहा कि एयरक्राफ्ट ने 7:10 पर रांची से उड़ान भरी थी। 7:30 बजे विमान ने खराब मौसम के कारण रास्ता बदलने (डायवर्जन) की अनुमति मांगी। इसके कुछ ही देर बाद विमान का कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क और रडार कनेक्शन टूट गया। फिर विमान क्रैश हो गया।




































