RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन विभिन्न अहम मुद्दों को लेकर गरम रहा। प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार से जवाब मांगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन ने संबंधित विभागों से जुड़े सवालों के उत्तर दिए।

सत्र के दौरान D.Ed अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी का मामला प्रमुख रूप से गूंजा। कांग्रेस विधायक द्वारकाधीश यादव ने यह मुद्दा उठाते हुए सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा आंदोलन देखने को मिल रहा है, जहां D.Ed अभ्यर्थी नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

विधायक यादव ने कहा कि अभ्यर्थी “या तो नियुक्ति दो, या मौत दो” जैसे नारे लगाने को मजबूर हैं, जो सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप था कि चयनित उम्मीदवारों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है, जिससे उनमें भारी असंतोष है।

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भी यह मुद्दा उठाया गया, जिससे सदन का माहौल काफी गंभीर हो गया। विपक्ष ने सरकार से इस मामले में स्पष्ट जवाब और जल्द समाधान की मांग की।



































