BIJAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी नक्सली मारे गए। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल से एसएलआर और इंसास राइफल समेत कई हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, बीजापुर ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि जांगला थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के जंगलों में माओवादियों की सक्रियता की सूचना मिली थी।

इसके आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। सुरक्षाबलों के जंगल में पहुंचते ही छिपे माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सघन तलाशी अभियान में दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद हुए।

मौके से एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर बंदूक, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान भी बरामद किया गया है। गौरतलब है कि 6 फरवरी को छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर भी बड़ी मुठभेड़ हुई थी, जिसमें सात माओवादी मारे गए थे। इस कार्रवाई में तीन महिला नक्सली भी शामिल थीं।

वहीं महाराष्ट्र पुलिस का एक जवान शहीद हो गया था और एक अन्य घायल हुआ था। शहीद जवान की पहचान कॉन्स्टेबल दीपक चिन्ना मदावी (38 वर्ष) के रूप में हुई थी। उन्हें गोली लगने के बाद एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीजापुर के जांगला क्षेत्र में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।


































