INDORE NEWS. इंदौर में कांग्रेस पार्टी के अंदर एक बड़ा विवाद सामने आया है, जहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पूर्व नगर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो लीक हुआ है। इस ऑडियो में चौकसे ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ अपशब्द कहे हैं।

यह विवाद दिल्ली तक पहुंच गया है और कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से इस मामले में चिंटू चौकसे के खिलाफ शिकायत की है। यादव का आरोप है कि वरिष्ठ नेता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग अनुशासनहीनता है और इससे पार्टी की छवि खराब हो रही है। उन्होंने केंद्र नेतृत्व से आग्रह किया है कि इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया जाए।

AI से बना है ऑडियो
वहीं, चिंटू चौकसे ने इस मामले में कहा है कि आज के दौर में एआई तकनीक का उपयोग करके कोई भी फेक ऑडियो तैयार कर सकता है। उन्होंने कहा कि वह दिग्विजय सिंह को राष्ट्रीय नेता और अपने अभिभावक के रूप में देखते हैं।उनके खिलाफ गलत बात करना उनके लिए असंभव है।

कानूनी सलाह लेकर करेंगे शिकायत
चौकसे ने कहा कि इस मामले में वे जल्द ही कानूनी सलाह लेकर शिकायत भी करेंगे। साथ ही, यदि पार्टी उनसे स्पष्टीकरण मांगती है, तो वे पारदर्शिता के साथ अपना पक्ष रखेंगे। ऑडियो में सुना जा सकता है कि बातचीत के दौरान सुरजीत सिंह चड्ढा चिंटू चौकसे को समझा रहे हैं।

नकारात्मक टिप्पणियां करते हैं चौकसे
मगर, अचानक चौकसे भावुक होकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणियां करते हैं और गाली-गलौज भी करते हैं। यह मामला कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों को उजागर करता है और पार्टी के लिए एक नई चुनौती बन गया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस विवाद को किस प्रकार से सुलझाता है।


































