BILASPUR NEWS. गौरा-गौरी पूजा की रात बिलासपुर के तेंदुआ गांव में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। एक मामूली घरेलू बात ने ऐसा रूप लिया कि पति ने गुस्से में अपनी पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वजह — सिर्फ इतना कि पूजा से लौटने के बाद पत्नी ने खाना तैयार नहीं किया था।

घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा चौकी अंतर्गत की है। आरोपी मिथुन मेहर (40) किसान है और उसकी पत्नी सीमा मेहर (30) के साथ का वैवाहिक जीवन सामान्य था, लेकिन शनिवार रात एक विवाद ने सब कुछ खत्म कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों पति-पत्नी गौरा-गौरी पूजा देखने गए थे। घर लौटने के बाद मिथुन ने पत्नी से खाना मांगा। सीमा ने कहा कि पूजा की वजह से देर हो गई, अब बना देती हूं। इस जवाब पर मिथुन भड़क उठा। बातों-बातों में विवाद बढ़ा और गुस्से में उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

गुस्से ने ली जान, फिर रची कहानी
विवाद इतना बढ़ा कि मिथुन ने पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। कुछ देर तक वह शव के पास बैठा रहा और फिर पड़ोसियों को बुलाकर कहा कि उसकी पत्नी गिरने से मर गई है। लेकिन पुलिस को मौके पर ईंट पर खून के निशान और गले पर चोट के निशान मिले, जिससे उसकी कहानी पर संदेह हुआ।

पुलिस पूछताछ में टूटा झूठ
पुलिस ने जब मिथुन से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि गुस्से में आकर उसने पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस का बयान
जूनापारा चौकी प्रभारी एसआई संजीव सिंह ने बताया कि आरोपी पति खाना नहीं बनने से नाराज था। विवाद बढ़ा तो उसने गला दबाकर हत्या कर दी और झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश की। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





































