GWALIOR NEWS. ग्वालियर शहर के गोविंदपुरी इलाके के एक थ्री स्टार होटल में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। पीड़िता की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के पास रहने वाली 24 साल की युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह एक गारमेंट्स फैक्ट्री में लोअर पैकेजिंग का काम करती है। इसी फैक्ट्री में सिरोल का रहने वाला 24 साल का रोहित माहौर भी काम करता था। दोनों के बीच बातचीत होने लगी, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंधों में बदल गई।

जन्मदिन के बहाने होटल में बुलाया
पीड़िता के अनुसार, उसके जन्मदिन पर रोहित ने उसे गोविंदपुरी स्थित होटल में बुलाया। वहां केक काटने के बाद आरोपी ने शादी का वादा करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद भी रोहित ने युवती को दोबारा शादी का झांसा देकर उसी होटल में बुलाया, और फिर दुष्कर्म किया।

शादी की बात करने पर किया मना
लगातार धोखे, शोषण और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवती ने करीब एक महीने पहले नौकरी छोड़ दी। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने रिश्ता स्वीकार करने से इंकार कर दिया। थक-हार कर युवती ने विश्वविद्यालय थाना पहुंचकर रोहित के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।

आरोपी हो गया फरार
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपित फरार है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीड़िता को मिलेगी कानूनी सहायता
यह मामला शहर में महिलाओं की सुरक्षा और कार्यस्थलों पर बढ़ते यौन अपराधों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िता को सभी जरूरी कानूनी सहायता और सुरक्षा दी जाएगी, और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




































