HAMEERPUR NEWS. उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के एक गांव में दो दिन बाद शादी की खुशियां आने वाली थीं। मगर, प्रेम संबंध के कारण दर्दनाक घटना हो गई। जिस युवक और युवती को घरवालों ने अलग करने की कोशिश की थी, उनका प्रेम इतना गहरा था कि हादसे की खबर सुनते ही लड़की ने अपनी गर्दन और हाथ की कलाई ब्लेड से काट ली। प्रेमी का शव प्रेमिका के दरवाजे से उठाया गया।

प्रेमी के साथ भाग गई थी प्रेमिका
प्रेमी बांदा जिले के उसी गांव का रहने वाला था, लेकिन 30 साल से परिवार बांदा में रह रहा था। युवती के पिता ने इकलौती बेटी की शादी के सपने देखे थे। मगर, बेटी छह महीने पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। परिवार और पुलिस की कोशिशों के बाद लड़की को वापस घर लाया गया। इसके बाद लड़की की शादी तय कर दी गई थी और दो नवंबर को घर में शहनाई बजने वाली थी।
इस दुखद घटना से परिवार टूट गया है। लड़की को जिस लड़के से प्यार था, उसकी मौत उसकी चौखट पर ही हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर लड़की के पिता, दो चाचा, दादी और चचेरे दादा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि केस दर्ज करके आगे कार्रवाई हो रही है।

प्रेमिका ने काटी नस
प्रेमी की मौत की खबर को प्रेमिका बर्दाश्त नहीं कर सकी। उसने ब्लेड से हाथ की नस काट ली और गर्दन पर भी वार किया। गंभीर हालत में प्रेमिका को ऑटो से सीएचसी और वहां से जिला अस्पताल, फिर कानपुर रेफर किया गया। उसकी गर्दन और हाथ की कलाई में तीन गहरे निशान पाए गए।

चाचा को मारा था चाकू
जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक ने अपने चाचा को पेट और जांघ पर चाकू मार दिया था। इसके बाद युवक ने सल्फास की गोलियां खा लीं, जो वह अपने साथ लेकर आया था। पहले भी युवक ने प्रेमिका की शादी रुकवाई थी, जिससे उसका परिवार परेशान था। परिवार के अनुसार, यह प्रेम प्रसंग सगे चाचा की बेटी से था और कई सालों से चल रहा था। कई बार सामाजिक वजहों से विवाद भी हुआ।

घटना के बाद गांव में मातम
छह महीने पहले प्रेमी ने युवती को भागा लिया था, जिससे पुलिस और परिवार की दखल के बाद दोनों को अलग किया गया। इसके बाद से ही दोनों परिवारों में बड़ी कटुता बनी रही। लड़के के पिता दुकान चलाते हैं और परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, लड़के के परिवार वाले हमीरपुर पहुंचे हुए हैं। शादी की खुशियों के बीच अब घर में मातम है।



































