BALOD NEWS. शराबी पिता से तंग आकर आखिरकार बेटे ने अपने पिता को धारदार हथियार से हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दी। मृतक की पत्नी ने भी अपने बेटे का साथ दिया। माँ और बेटे ने मिलकर मृतक के शव को बोरे में भरकर अपने घर से दूर पड़ोसी गांव के जंगल में छोड़ दिया, लेकिन पुलिस की नजरों से नहीं बच पाए। हत्या के आरोप में मां और बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल 28 अक्टूबर को डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के गुरामी गांव स्थित जंगल में पुलिस को खून से सनी हुई लाश मिली थी। पुलिस, फॉरेंसिक और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची, जहां मृतक की शिनाख्त अरजपूरी गांव निवासी 53 वर्षीय भूषण नेताम के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की और मृतक के घर छानबीन करने पहुंचे। जहां पुलिस को घर में खून के कुछ धब्बे मिले इससे पुलिस को शंका हुई कि मृतक की घर में ही हत्या की गई है।

पुलिस ने जब मृतक भूषण नेताम के बेटे लीलेश नेताम और उसकी माँ सकूल बाई से पूछताछ की। तभी पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक भूषण शराब पीने का आदि था और शराब के नशे में वह आए दिन विवाद करता रहता था। घटना वाले दिन भी भूषण ने शराब पी और घर में विवाद शुरू कर दिया। जिससे गुस्साए बेटे लीलेश ने घर में रखे धारदार बसुला से सिर व चेहरे में हमला कर हत्या कर दी।

हत्या के बाद मृतक की पत्नी और बेटे ने मिलकर शव को बोरे में भरकर गुरामी के जंगल में छोड़ दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद मोनिका ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के आरोप में मां और बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है आगे की कार्रवाई की जा रही है।





































