INDORE NEWS. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को इंदौर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होने तलावली चांदा में करीब 8.30 करोड़ रुपए की लागत से बनी न्यू फूड एंड ड्रग लैब का उद्घाटन किया। यह एडवांस लैब खाद्य सामग्री और दवाओं की जांच के लिए बनाई गई है।

अब इंदौर में ही होगी जांच
यह प्रदेश की दूसरी नई लैब है। पहले यहां के खाने और दवा के सैंपल जांच के लिये भोपाल भेजे जाते थे। मगर, अब इंदौर में ही टेस्टिंग की सुविधा मिल सकेगी। इससे रिपोर्ट जल्दी आ पाएगी और सिस्टम में रफ्तार आएगी। सीएम ने बताया कि नई लैब खुलने से मिलावट पर लगाम लगेगी। मिलावट करने वालों को अब सजा मिलेगी। सरकार मिलावट रोकने और शुद्ध चीजें जनता तक पहुंचाने के लिये पूरी तरह मुस्तैद है।
मुख्यमंत्री ने सुनाया गुलाब जामुन वाला किस्सा
प्रोग्राम के दौरान सीएम ने कहा कि “गधे गुलाब जामुन खाते हैं” कहावत के पीछे एक रोचक कहानी है। शाहजहां के बेटे दारा शिकोह और औरंगजेब के बीच फतेहाबाद में युद्ध हुआ था। बाद में फतेहाबाद के लोगों ने गुलाब जामुन बनाकर दिल्ली भिजवाए और तब से यह कहावत चल पड़ी। सीएम ने कहा, “हमारे मालवा की मिठाई भी बदला लेने के काम आती है। अब वे गधे जहां जाना थे वहां चले गए, हम चैन से गुलाब जामुन खाते हैं।”

जल्द ग्वालियर-जबलपुर में भी लैब
सीएम ने बताया कि पांच महीने में ग्वालियर और जबलपुर के अंदर भी इसी तरह की नई लैब बनेंगी। अब तक भोपाल में 600 सैंपल की जांच होती थी, अब 3,000 से अधिक सैंपल की जांच होना मुमकिन होगी।

छठ पर्व की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के बाद सीएम ने छठ पर्व पर प्रदेश की जनता को बधाई दी। विजय नगर के छठ पर्व में मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे। उन्होंने कहा कि छठ अब केवल पूर्वांचल की नहीं, पूरे देश की बड़ी परंपरा बन गई है। उन्होंने कहा कि हमारी मातृ शक्ति का आधार मां और बहनें हैं। वे अपने परिवार की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए हर मुश्किलें सह लेती हैं।
छठ पर सब लोग मिलकर सूर्य देवता की पूजा करते हैं, उनकी कृपा से ही दुनिया में जीवन बना रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा और बिहार का रिश्ता बहुत पुराना है। जब यहां आक्रमण हुआ, तो राजा भोज पूर्वांचल की तरफ गए और भाषा की परंपरा भी साथ ले गए। उसी वजह से बिहार से जुड़ाव और गहरा हो गया। विक्रमादित्य के समय से पहले सम्राट अशोक भी उज्जैन से मालवा पर राज करते थे।

शहर में अन्य कार्यक्रमों में शिरकत
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे शहर में अन्य आयोजन और विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं। वह नंदानगर गोल स्कूल मैदान, ब्ल्यू लोटस गार्डन, बरसाना गार्डन और ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर नक्षत्र गार्डन के अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए।




































