KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ती जा रही है। इस बीच, कबीरधाम जिले के पंडरिया ब्लॉक में फिर एक बार बड़ी दुर्घटना हो गई है। कुकदूर थाना क्षेत्र में आज यानी 11 जुलाई को एक बोरवेल ट्रक 60 फीट गहरी खाई में गिर गया, हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे। ग्राम पंचायत आगरपानी के चाटा गांव के पास मोड़ में गाड़ी का बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ। इससे पहले भी इसी जगह हो चुकी है 21 बैगाओं की वाहन पलटने से मौत हो चुकी है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस थाने में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक का मलबा हटाया तो देखा 6 लोग दबे हुए मिले। गंभीर घायलों को कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाकी और लोगों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, यह वाहन मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी। रास्ते में संतुलन बिगड़ने से वाहन खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चार लोग वाहन के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: नासा का ऐलान…शुभांशु शुक्ला इस तारीख को अंतरिक्ष से धरती पर लौटेंगे, इन क्षेत्रों में 60 से अधिक किए हैं प्रयोग
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने की वजह से रेस्क्यू में काफी मुश्किलें आ रही हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों की शिनाख्त जारी है।
इसके पहले भी कवर्धा जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले साल मई में एक पिकअप खाई में गिर गई थी। जिसमें 19 लोगों की मृत्यु हो गई थी। जबकि चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, वाहन में 25 लोग सवार थे। पिकअप सवार मजदूर तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे थे। घटना बाहपानी ग्राम के पास हुई थी।
बता दें कि 25 मई को भी कवर्धा जिले में सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया था। जब कोरबा से कवर्धा की ओर आ रही तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह पूरा हादसा पंडरिया थाना क्षेत्र के सैगोनाडीह और किशुनगढ़ गांव के बीच हुआ था। बस कोरबा से कवर्धा की ओर आ रही थी, तभी हादसा हो गया था।




































