SAJA NEWS. साजा से BJP विधायक ईश्वर साहू के बेटे कृष्णा साहू के खिलाफ साजा पुलिस थाने में एट्रोसिटी का अपराध दर्ज किया गया है। विधायक ईश्वर साहू के पुत्र कृष्णा साहू के खिलाफ चेचानमेटा निवासी आदिवासी युवक मनीष मंडावी ने लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है। मनीष मंडावी का आरोप था कि कृष्णा साहू ने साथियों के साथ मिलकर दशहरा कार्यक्रम के दौरान उसे और उसके दोस्त को बुरी तरह पीटा और अपमानजनक जातिगत गाली गलौज किया। यह शिकायत सोमवार 14 अक्टूबर को की गई थी। इस मामलेे में साजा पुलिस थाने में क्राइम नंबर 275/2024 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।इस एफआईआर में बीएनएस की धारा 296,115(2),351(3),3(5)’और अजा तथा अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3 प्रभावी की गई है।एफआईआर में आरोपी के रूप में कृष्णा साहू एवं अन्य दर्ज किया गया है।

इस मामले में आदिवासी समाज ने आक्रामक रुख़ अपनाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी। कलेक्टर और एसपी को भेजे ज्ञापन में साजा टीआई पर एफआईआर नहीं करने और विधायक पक्ष से समझौता करने का दबाव बनाने जैसे आरोप लगाए गए थे। इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की तैयारी में कांग्रेस भी थी। साजा विधानसभा के युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष कुंजेश्वर वर्मा ने भी एफआईआर नहीं होने पर आंदोलन किए जाने की बात कही थी।

साजा के चेचान मेटा निवासी मनीष मंडावी ने थाने में लिखित शिकायत में बताया कि 13 अक्टूबर को दशहरा की रात को उसके दोस्त राहुल ध्रुव व कृष्णा साहू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। बीच बचाव करने पहुंचा तो कृष्णा पिता ईश्वर साहू ने मारपीट शुरू कर दी। गाली गलौज करते हुए चूडा वाले हाथ से सिर पर वार किया। जिससे सिर में गंभीर चोट आई। खून बहने लगा। बताया कि उसके साथ 08 से 10 लड़के भी, साथ थे। जो मनीष व उसके दोस्तों के साथ मारपीट की है। आदिवासी गोड़ समाज के अध्यक्ष बालकरण सिंह धुर्वे, जगदीश सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष तहसील संघ संरक्षक राम रतन मंडावी, नरेंद्र सोरी ने आरोप लगाते हुए बताया कि मामले की सूचना थाने में देने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जिस पर आदिवासी समाज द्वारा कलेक्टर व एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसके बाद मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई।






































