RAIPUR. आप विमान में सफर कर रहे हों और अचानक कुछ खराबी आ जाए तो परेशान हो जाएंगे। एक ऐसा ही मामला रायपुर एयरपोर्ट में सामने आया है। दरअसल, इंडिगो की भोपाल फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से Flight में यात्री हड़बड़ा गए और परेशान हो गए। हालांकि विमान उड़ने के करीब 15 मिनट बाद ही इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
इस दौरान Flight में पायलट ने इंजन में खराबी का हवाला देकर विमान की लैंडिंग करा दी। हालांकि कुछ देर बाद Flight रवाना होने की बात कही गई, लेकिन रात 9.30 बजे फ्लाइट कैंसिल होने की घोषणा की गई।
इससे नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। विमान में भोपाल से हैदराबाद जाने वाले यात्री सवार थे। वे भी यहीं फंसे रह गए। हालांकि बाद में दूसरे विमान से भेजने की बात कही गई।
जानकारी के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई7302) अपने तय समय में शाम 6.50 को भोपाल से उड़कर करीब 8.10 बजे रायपुर पहुंची। विमान की तकनीकी जांच के बाद इसे 25 मिनट बाद भोपाल के लिए रवाना किया गया। 72 सीटर विमान में करीब 60 यात्री सवार थे।
इस विमान के उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद ही पायलट को विमान में कुछ खराबी नजर आई। बताया जा रहा है कि विमान के कुछ इंडिकेटर काम नहीं कर रहे थे। इस वजह से पायलट विमान को वापस रायपुर ले आया। विमान की जांच की गई और थोड़ी देर बाद उसे ग्राउंड कर दिया गया।
इस दौरान यात्रियों के लिए दूसरे विमान की भी व्यवस्था नहीं की गई। इस वजह से उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। दो शहरों के लिए उड़ान नहीं मिलने की वजह से यात्रियों ने इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारियों से बहस भी की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
एयरलाइंस वाले बस यही कहते रहे कि दूसरी व्यवस्था की जा रही है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। यात्रियों के ठहरने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई। इससे यात्री परेशान दिखे।