RAIPUR. राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से फिर से विधायक निर्वाचित होने के बाद डॉ रमन सिंह पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। डॉ रमन सिंह ने राजनांदगांव शहर में अपने मतदाताओं का आभार जताने आभार रैली निकाली। इस दौरान डॉ रमन सिंह ने मतदाताओं के बीच जाकर उनका आभार व्यक्त किया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा जगह-जगह पर उनका नागरिक अभिनंदन किया गया।
विधानसभा चुनाव होने के बाद पुनः राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में निर्वाचित होने के पश्चात पहली बार के राजनांदगांव पहुंचे। डॉ रमन सिंह ने अपने मतदाताओं का आभार जाताने आभार रैली निकाली। फूलों से सजे खुले वाहन पर सवार होकर अपने क्षेत्र की जनता का अभिवादन करने पहुंचे। डॉ रमन सिंह ने विनम्रता के साथ क्षेत्र के मतदाताओं का अपनी इस जीत के लिए आभार व्यक्त किया।

इस दौरान मतदाताओं को संबोधित करते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन जनता को खरीदने आया था और वो राजनांदगांव की जनता का वोट नहीं खरीद सका। यहां की जनता ने उसे बता दिया है कि पैसों से वोट नहीं खरीदा जाता। डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि वह दोबारा राजनांदगांव आकर चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेगा। वहीं उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में कांग्रेस प्रत्याशी नहीं बल्कि भूपेश बघेल की हार हुई है।
इस दौरान डॉक्टर रमन सिंह ने राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अब आप सभी के आशीर्वाद से विधानसभा अध्यक्ष की नई भूमिका में आपके साथ रहूंगा। वहीं उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त करके तीन गुना ज्यादा मतों से राजनांदगांव विधानसभा की जनता ने मुझे जीत दिलाया है, जिसके लिए मैं यहां की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख मकान के लिए निर्णय लिया है। वहीं 2 साल का बोनस 35 करोड़ रुपए से अधिक है जो 25 दिसंबर अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्मदिन के अवसर पर किसानों के खाते में आ जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि मैं छत्तीसगढ़ विधानसभा के स्पीकर के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करुंगा । प्रदेश में शराबबंदी को लेकर उन्होंने कहा कि हम क्रमिक शराबबंदी की ओर आगे बढ़ेंगे।
रमन ने निकाली आभार रैली
राजनांदगांव विधानसभा से चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए डॉ रमन सिंह ने देर शाम शहर की सड़कों पर आभार रैली निकालते हुए जनता का आभार जताया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह पर उनका स्वागत किया गया। वहीं विभिन्न स्थलों पर डॉ रमन सिंह ने अपने क्षेत्र की मतदाताओं को संबोधित करते हुए राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए कार्य करने की बात कही। डॉ रमन सिंह की आभार रैली में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और आम मतदाता भी शामिल हुए।





































