KORBA. छत्तीसगढ़ के कोरबा से लगभग बीते जनवरी माह में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई थी. इसमें एकतरफ़ा आशिक ने युवती और उसके पिता पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया था. इस हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई. आखिरकार घटना का 8 महीने से फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है.

मामला कोरबा जिला के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, यहां 8 जनवरी 2023 को युवती जब अपनी बहन के साथ किसी काम से घर से बाहर निकली थी. उसी दौरान 25 वर्षीय अभिनव यादव नाम का व्यक्ति, युवती से छेड़छाड़ करने लगता है. युवक बार-बार युवती से कह रहा था कि ‘तुम मुझसे बात क्यों नहीं करती हो’. इस घटना के बाद युवती ने घर जाकर इस बात की जानकारी अपने पिता को दी, ये सुनकर युवती के पिता को गुस्सा आया और वो फ़ौरन युवक के घर उसे समझाने के लिए चले गए. लेकिन उस वक़्त युवक घर में मौजूद नहीं था. इसलिए वो वापस अपने घर आ गए.

युवक जब अपने घर पहुंचा और उसे जानकारी मिली कि युवती के पिता उसके घर आए थे, तो वो गुस्से में युवती के घर पहुँच गया. युवक ने युवती और उसके पिता पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। हमला करने के बाद युवक मौके से फरार हो गया.

घायल पिता और युवती ने सिटी कोतवाली में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. मामले की शिकायत दर्ज करने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी. इस घटना के 8 महीने बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली है. उसे गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश कर दिया गया है.








































