RAIPUR. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर ED और भाजपा पर निशाना साधा है। बता दें बिल्हा विधानसभा में आयोजित संकल्प शिविर में सीएम भूपेश बघेल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ED और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज-कल तो ED गली के कुत्तों से ज्यादा गलियों में घूम रही है।

दरअसल सीएम ने कोयला घोटाले पर ईडी की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर बीजेपी को एक भी वोट दिए तो छत्तीसगढ़ में एक भी खदान नहीं बचेगा। वहीं ED की तुलना गली के कुत्तों से करते हुए कहा कि गली के कुत्तों से ज्यादा गलियों में ईडी घूम रही है। साथ ही कहा कि अगर चाहें तो पीएम मुझे जेल भेज के देख लें, मैं डरने वाला नहीं हूँ।

सीएम बघेल ने कहा, केंद्र सरकार की राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NHFS) की रिपोर्ट है कि 19 लाख शौचालय बने। छत्तीसगढ़ में शौचालय में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। साथ ही कहा कि कोयला खदान साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) संचालित करती है। लेकिन कोयला घोटाला में एक भी केंद्रीय कर्मचारियों से पूछताछ नहीं की गई। ये कैसी जांच है। साथ ही कहा कि कोयला खदानों को पीएम अपने मित्र अडानी को देने वाले हैं। वहीं कुछ दिनों पहले उन्होंने रेलवे का उद्घाटन किया है। इसके अलावा देश के एयरपोर्ट बेच दिए, और अब रेलवे स्टेशन की बारी है. इस मामले में लगातार अपडेट जारी है।









































