JANJGIR CHAMPA. सिवनी गांव के कोरबा रोड पर देर रात एक माजदा और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। आपस में भिड़ने से दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई। इस दौरान माजदा के ड्राइवर और उसके साथी की आग में झुलसने से मौत हो गई वही दूसरी ओर ट्रेलर वाहक और उसका एक अन्य साथी गाड़ी से कूदकर मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, एक माजदा (ट्रक ) पाइप और प्लास्टिक सामान लेकर पेंड्रा की ओर जा रही थी। सिवनी पहुंचते ही कोरबा की तरफ से आ रहे ट्रेलर और माजदा गाड़ी की आपस में भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों के टक्कर से भीषण आग लग गई थी। चाम्पा टीआई मनीष सिंह परिहार ने बताया की शुक्रवार की रात लगभग एक बजे इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व दमकल की दो गाड़िया तुरंत वहां पहुंच गई और आग पर काबू पाया गया। सड़क पर दोनों वाहन घंटो धू-धू कर जलते रहे। जानकारी मिलते ही 02 दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान आवाजाही भी बाधित और सड़क पर घंटों जाम लगा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद आखिर आग पर काबू पाया गया। आग बुझते ही माजदा में सवार ड्राइवर और उसके साथी के जले हुए शव को बाहर निकाला गया। इसके साथ ही दूसरे जले हुए वाहन की पड़ताल भी की गई पर उसमें कोई भी मौजूद नहीं था।

आग पर काबू पाने के बाद दोनों वाहनों को सड़क के किनारे लाया गया जिसके बाद आवागमन दुबारा शुरू हो गया। माजदा वाहन के ड्राइवर की पहचान भुवनेश्वर सिंह तथा उसके साथी की पहचान नीरज यादव के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा फिलहाल फरार आरोपियों की जांच की जा रही है।




































