BILASPUR. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार की सुबह 9:45 बजे वंदे भारत ट्रेन को नागपुर रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान यात्रियों को हाथ दिखाकर उनका अभिवादन भी किया। इसके साथ ही नागपुर—बिलासपुर ट्रेन के रूप में वंदे भारत ट्रेन यात्रियों को लेकर अपने पहले सफर पर निकल पड़ी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ वासियों की एक बड़ी प्रतीक्षा भी पूरी हो गई है।

आपको बता दें कि बिलासपुर जोन को भी वंदे भारत ट्रेन मिलने वाली है, इसकी सुगबुगाहट लंबे समय से हो रही थी। आखिरकार इसकी घोषणा की गई और लोग इस पर बराबर नजर बनाए हुए थे। इस कड़ी में सबसे पहले बिलासपुर जोन के अफसरों को ट्रेन लाने की औपचारिकता पूरी करने के लिए दिल्ली जाना पड़ा। फिर परिचालन विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद चेन्नई स्थित कोचिंग फैक्ट्री से वंदे भारत की रैक लाने के लिए एक टीम को रवाना किया गया, जो बीते दिनों इस ट्रेन को लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। ट्रेन की तकनीकी जांच बिलासपुर के ही कोचिंग डिपो में की गई और फिर उसे नागपुर के लिए खाली ट्रेन को ही रवाना कर दिया गया था। अब रविवार को वह इंतजार पूरा हो गया, जब पहली बार सवारी लेकर वंदे भारत ट्रेन ने नागपुर से बिलासपुर का सफर शुरू किया। इसके गवाह नागपुर के लोगों के अलावा बिलासपुर जोनल कार्यालय से पहुंचे अफसरों व छत्तीसगढ़ के यात्रियों के साथ ही खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने।

बिलासपुर में कथक, कुचीपुड़ी व भरतनाट्यम के साथ होगा स्वागत
इधर, ट्रेन पहली बार यात्रियों को लेकर बिलासपुर जोनल स्टेशन पहुंचेगी। लिहाजा यहां पर भी यात्रियों के स्वागत के लिए खास तैयारी की गई है। इसके तहत ट्रेन के पहुंचने पर कलाकार कथक, कुचीपुड़ी और भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगे। लिहाजा वहां से रवाना होने के लगभग साढ़े पांच घंटे के बाद ट्रेन यहां पहुंचेगी और फिर यात्रियों का इस अंदाज में वेलकम होगा। साथ ही यात्रियों से फीडबैक भी लिया जाएगा कि आखिर वंदे भारत ट्रेन के सफर का उनका अनुभव कैसा रहा।








































