DURG. दुर्ग की सड़कों पर एक बार फिर सिटी बसें दौड़ते हुए नजर आएंगी। आज से शहर के 10 रूटों पर सिटी बसों का परिचालन शुरू हो गया है। भिलाई महापौर नीरज पाल ने भिलाई डीपो से हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया है। ये बस कुम्हारी, दुर्ग, रायपुर, पाटन और कचांदुर सहित अन्य रूटों के लिए रवाना की गई हैं। इन बसों का संचालन दुर्ग अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी कर रही है।
32 माह बाद हो रहा परिचालन
दरअसल 32 महीने के बाद इन सिटी बसों का परिचालन यहां पुनः शुरू हो रहा है। मार्च 2020 से यहां की सभी 70 सिटी बसें भिलाई डीपो में ही खड़ी थी। कोविड के समय से ही कंडम हो चुकी बसों को दुबारा चलाना प्रशासन के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। प्रशासन ने 69 बसों को चलाने की बात कही थी, इसके बाद 22 जुलाई को 17 रूटों पर बस चलाने की घोषणा भी कर दी गई थी। लेकिन इसे पूरा अब दिसंबर में किया जा रहा है।
अगले 4 महीने के अंदर सभी रूटों पर शुरू हो जाएगी परिचालन
सभी रूटों पर एक साथ सिटी बस सेवा शुरू करना और सभी कंडम गाड़ियों को तैयार करना संभव नहीं था। इसी वजह से फिलहाल 10 रूटों पर ये बस सेवा शुरू किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार हर महीने 10 से 15 बसों को तैयार करके चलवाया जायेगा। अगले 4 महीने तक सभी रूटों में सिटी बसें दौड़ती नजर आएंगी।
भिलाई नगर निगम कमिश्नर रोहित व्यास और भिलाई महापौर नीरज पाल ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए सिटी बसों की सेवा फिर से शुरू की गई है। इससे लोगों को अधिक राहत मिलेगी। साथ ही धीरे-धीरे करके सभी बसों का परिचालन शुरू कर दिया जायेगा।








































